लैंडिंग गियर में लीकेज से मुम्बई की उड़ान निरस्त

लैंडिंग गियर में लीकेज से मुम्बई की उड़ान निरस्त









सोमवार को लैंडिंग गियर में लीकेज चलते गोरखपुर से मुम्बई जाने वाली स्पाइस जेट की उड़ान निरस्त कर दी गई। इस विमान में 180 यात्री सवार होने वाले थे। अब यह विमान मंगलवार को सुबह 10 बजे मुम्बई के लिए उड़ान भरेगा।


मुम्बई से गोरखपुर आने वाली स्पाइस जेट का विमान अपने निर्धारित समय पर गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंच गया। यह विमान अभी वापस उड़ने की तैयारी में था कि क्रू मेंबर ने सूचना दी कि लैंडिंग गियर में लीकेज की दिक्कत है। इसके चलते इसे उड़ाया नहीं जा सकता। यह सूचना जैसे ही यात्रियों को मिली वह आक्रोशित हो गए। स्थिति को भांप एयरपोर्ट अधिकारियों ने तकनीकी खामी का हवाला देते हुए इसके निरस्त होने की बात कही तो यात्रियों ने फिर कोई प्रतिक्रिया नहीं जताई। स्पाइस जेट के मैनेजर ने यात्रियों से अपील की यह विमान मंगलवार को सुबह 10 बजे मुम्बई के लिए उड़ान भरेगा।


विमान के निरस्त हो जाने से 180 यात्रियों को निराश होकर लौटना पड़ा। इसके पूर्व सभी यात्री चेक-इन एरिया में पहुंच चुके थे और विमान में बैठने के लिए फ्लाइंट एरिया में जाने वाले थे कि इसी दौरान इसके निरस्त होने ही सूचना प्रसारित हो गई। एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि संयोग अच्छा था कि विमान की तकनीकी खामी उड़ान के पहले ही पता चल गई। अगर उड़ान के बाद इसकी जानकारी होती तो कोई भी अनहोनी हो सकती थी। तकनीकी खामी को ठीक करने के लिए यहां इंजीनियर पहुंच गए थे और मरम्मत कार्य में जुट गए थे।


यात्रियों को हुई काफी दिक्कत


फ्लाइट के अचानक से निरस्त हो जाने से कई यात्रियों को काफी दिक्कतें हुईं। 180 यात्रियों में आधा दर्जन यात्री ऐसे थे जो वहां इलाज के लिए जा रहे थे जबकि एक दर्जन से ज्यादा व्यापार के सिलसिले में। कुछ अपनी छुट्टियां बिताने के बाद वापस मुम्बई लौट रहे थे।